रायपुर , मार्च 17 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मंगलवार रात शहर के राम कृष्ण केयर अस्पताल में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान हुए हादसे में तीन श्रमिकों की मौत हो गयी।

मृतकों की पहचान गोविंद सेंद्रे, अनमोल मचकन और प्रशांत कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों शहर के सिमरन सिटी इलाके के निवासी थे।

जानकारी के अनुसार उन्हें टैंक की सफाई के लिए अंदर भेजा गया था, जहां मौजूद जहरीली गैस के कारण उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और कुछ ही समय में उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद मृतकों के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मजदूरों को बिना आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के टैंक में उतारा गया। यह भी आरोप है कि प्रशिक्षित स्टाफ की बजाय सामान्य मजदूरों से काम लिया गया, जिससे यह हादसा हुआ।

विशेषज्ञों के अनुसार सेप्टिक टैंक की सफाई अत्यंत जोखिमपूर्ण प्रक्रिया होती है, जिसमें गैस की जांच, ऑक्सीजन सपोर्ट और सुरक्षा किट का उपयोग जरूरी होता है। ऐसे कार्य आमतौर पर प्रशिक्षित टीमों या अधिकृत एजेंसियों की निगरानी में किए जाते हैं।

घटना के बाद परिजन दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित