रायपुर , अप्रैल 11 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में महिलाओं को निशाना बनाकर चेन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में सात महिलाओं समेत कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि इस गिरोह के सदस्य मध्य प्रदेश के इंदौर से लग्जरी वाहन में सवार होकर विभिन्न राज्यों के शहरों में वारदातों को अंजाम देते थे।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह भीड़भाड़ वाले बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को निशाना बनाता था। आरोपियों के नाम संध्या सकटे, सोनिया हातागले, उज्वाला हातागले, साखराबाई, ज्योति सकटे, सरिता ज्वरे और अभय हातागले बताये गये हैं।
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब डी.डी. नगर थाना क्षेत्र के चंगोराभाठा बाजार में एक वृद्ध महिला की सोने की चेन झपट ली गई। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। फुटेज में संदिग्ध महिलाओं की गतिविधियां सामने आने के बाद पुलिस ने उनकी पहचान कर तलाश तेज की।
सूचना के आधार पर पुलिस ने भाठागांव बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध इनोवा वाहन को रोका। वाहन में सवार सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने वारदातों में संलिप्तता स्वीकार कर ली।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी रायपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 12 से अधिक घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। इसके अलावा गिरोह की सक्रियता गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के कई शहरों में भी रही है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी, सोने की चेन, कटर, मोबाइल फोन और एक लग्जरी कार जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 11 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस का कहना है कि गिरोह चोरी की रकम से ही अपनी गतिविधियां संचालित करता है।
फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित