रायपुर , अप्रैल 05 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार देर रात चलाए गए विशेष अभियान में शहर के आठ अलग-अलग स्थानों पर महज चार घंटे के भीतर 121 वाहन चालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किये।

पुलिस ने आज यह जानकारी दी।

यह अभियान यातायात एवं प्रोटोकॉल उपायुक्त विकास कुमार के नेतृत्व में संचालित किया गया। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 (शराब के नशे में वाहन चलाना) के तहत अब तक कुल 1,724 मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जो वर्ष 2025 में दर्ज 1,537 मामलों से अधिक हैं।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की कार्रवाई का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे शराब के नशे में वाहन न चलाएं। यदि ऐसी स्थिति हो तो कैब सेवा का उपयोग करें या परिवार के किसी सदस्य की मदद लें। साथ ही, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और नाबालिगों को वाहन चलाने से रोकने की भी सलाह दी गई है।

यातायात पुलिस, कमिश्नरेट-रायपुर ने बताया कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस तरह के अचानक प्रवर्तन अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित