रायपुर , अप्रैल 06 -- ) छत्तीसगढ़ के रायपुर में पुलिस ने शराब पीकर गाड़ी चलाने को लेकर 129 चालकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) विकास कुमार के निर्देश पर बीत रात पुलिस ने विशेष तलाशी अभियान चलाया और इस दौरान नशे की हालत में 129 चालकों को गिरफ्तार कर लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार शहर के सात अलग-अलग स्थानों पर चलाए गए इस अभियान के दौरान पकड़े गए सभी चालकों के खिलाफ वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई है। संबंधित चालकों को चालान जारी कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि वर्ष 2026 के जनवरी माह से अब तक कुल 1853 नशे में वाहन चलाने के मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। इन सभी मामलों में न्यायालय द्वारा न्यूनतम 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
श्री कुमार ने स्पष्ट किया कि यह अभियान किसी लक्ष्य पूर्ति के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह स्वयं एवं अन्य लोगों के जीवन के लिए गंभीर खतरा भी है।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और जिम्मेदार नागरिक बनते हुए नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें। पुलिस ने इस मामले में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित