रायपुर , सितंबर 16 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर गुरुवार को राज्य स्तरीय श्रमिक महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे, जबकि श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन अध्यक्षता करेंगे।

श्रम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार महासम्मेलन का आयोजन सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में कल दोपहर 12 बजे से होगा। सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों के योगदान को रेखांकित करने के साथ श्रम और कौशल के महत्व का संदेश दिया जाएगा।

कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा तथा मंत्री केदार कश्यप विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

इसके अलावा मंत्री रामविचार नेताम, दयालदास बघेल, श्याम बिहारी जायसवाल, ओ.पी. चौधरी, लक्ष्मी राजवाड़े, टंकराम वर्मा, गजेन्द्र यादव और गुरु खुशवंत साहेब सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। रायपुर महापौर मीनल चौबे और जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल भी महासम्मेलन में शामिल होंगे।

आयोजकों के अनुसार विश्वकर्मा जयंती पर होने वाले इस सम्मेलन का उद्देश्य निर्माण, उद्योग, कृषि, सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों के योगदान को सम्मान देना और प्रदेश के विकास में श्रम शक्ति की भूमिका को रेखांकित करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित