रायपुर , अप्रैल 28 -- छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित राज्य स्तरीय आवासीय खेल अकादमी में प्रवेश के लिए चयन ट्रायल की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई। यह ट्रायल 28 अप्रैल से 1 मई तक आयोजित किया जा रहा है।
ट्रायल के पहले दिन राजधानी रायपुर के कोटा स्थित स्वामी विवेकानंद स्टेडियम में तीरंदाजी, फुटबॉल और वेटलिफ्टिंग स्पर्धाओं के खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसमें छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों से कुल 204 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें तीरंदाजी में 68 बालक और 27 बालिकाएं, फुटबॉल में 91 बालिकाएं तथा वेटलिफ्टिंग में 7 बालक और 11 बालिकाएं शामिल हैं।
पहले दिन खिलाड़ियों का पंजीयन, दस्तावेज सत्यापन, चिकित्सकीय परीक्षण और शारीरिक दक्षता का आकलन किया गया। ट्रायल के दूसरे दिन 29 अप्रैल को खिलाड़ियों के खेल कौशल का परीक्षण किया जाएगा।
यह चयन प्रक्रिया 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए आयोजित की जा रही है। चयनित खिलाड़ियों को खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित आवासीय खेल अकादमियों में निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान खिलाड़ियों को आवास, भोजन, शिक्षा, खेल परिधान, प्लेइंग किट और दुर्घटना बीमा सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित