रायपुर , सितंबर 07 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में जन्माष्टमी कार्यक्रम के दौरान एक युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला करने के आरोप में पुलिस ने सेवाराम साहू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी को शक था कि घायल युवक के उसकी पत्नी से अवैध संबंध हैं।
पुलिस से सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार घटना पांच सितंबर की रात करीब 10:30 बजे की है। रानी वर्मा ने गुढ़ियारी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वह अपने घर के सामने जन्माष्टमी का कार्यक्रम देख रही थी। इस दौरान मौके पर करीब 40 लोग मौजूद थे। इसी बीच उनके जेठ उमेन्द्र सिंह वर्मा घर के बाहर खड़ी बाइक को अंदर करने के लिए निकले थे।
आरोप है कि तभी विकास नगर निवासी सेवाराम साहू पीछे से वहां पहुंचा और उमेन्द्र सिंह वर्मा के सिर के पीछे चापड़ से लगातार तीन वार कर दिए। हमले में उमेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया।
मामले की सूचना मिलने के बाद गुढ़ियारी पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और संभावित ठिकानों पर दबिश देकर सेवाराम साहू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे उमेन्द्र सिंह वर्मा के उसकी पत्नी से अवैध संबंध होने का शक था और इसी संदेह के चलते उसने हमला किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चापड़ जब्त कर लिया है। उसके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित