रायपुर , जुलाई 22 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में महिला थाना के पास बुधवार को एक युवक का रक्तरंजित शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के सिर पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस प्रारंभिक तौर पर मामले को संदिग्ध मानते हुए हत्या की आशंका के आधार पर जांच कर रही है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान नेहरू नगर निवासी प्रकाश के रूप में हुई है। आज सुबह राहगीरों ने महिला थाना के समीप युवक का शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य और नमूने एकत्र किए।
पुलिस ने बताया कि पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। घटनास्थल पर मिले प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि अज्ञात शव पाए जाने की जानकारी पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई. मृतक के सिर पर चोट के निशान हैं, जो हत्या की ओर इशारा करते हैं. फिलहास पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है तथा हत्या के कारणों और संभावित आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित