रायपुर , जुलाई 30 -- छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश और महानदी के बढ़ते जलस्तर के कारण रायपुर जिले के अभनपुर विकासखंड के गोबरा नवापारा तथा आरंग विकासखंड के ग्राम निसदा में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर जिला प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया है।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ उनके लिए भोजन, राशन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

जिला प्रशासन ने गुरुवार को बताया कि गोबरा नवापारा में बाढ़ की सूचना मिलते ही प्रशासनिक दल मौके पर पहुंचा और प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। तहसीलदार शेखर मंडई और राजस्व विभाग की टीम ने तत्काल राशन सामग्री उपलब्ध कराई तथा अस्थायी राहत शिविरों में पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कीं।

इसी प्रकार आरंग विकासखंड के ग्राम निसदा में महानदी का जलस्तर बढ़ने से कई ग्रामीण अपने घरों में फंस गए थे। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अभिलाषा पैकरा के मार्गदर्शन में प्रशासनिक दल और बचाव दल ने मकानों की पहली मंजिल पर फंसे ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रभावित लोगों के लिए सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) भवन में राहत केंद्र बनाया गया है, जहां स्वास्थ्य विभाग की टीम स्वास्थ्य परीक्षण कर रही है तथा राशन और पेयजल की व्यवस्था की गई है।

प्रशासन के अनुसार निसदा में अब तक 13 परिवारों के 48 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। राहत एवं बचाव अभियान में तहसीलदार बाबूलाल कुर्रे, थाना प्रभारी हरीश साहू, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी मारुति राव घोड़ेसवार, स्वास्थ्य विभाग की टीम तथा राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के जवान शामिल रहे।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि लगातार बारिश के दौरान नदी-नालों के समीप जाने से बचें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा बाढ़ की स्थिति में तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंच जाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित