रायपुर , नवंबर 01 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कंपनी अधिकारियों की फर्जी व्हाट्सएप प्रोफाइल बनाकर दो निजी कंपनियों से कुल 2 करोड़ 93 लाख रुपए की साइबर ठगी करने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में की गई कार्रवाई के दौरान आरोपियों का पता लगाने के साथ ही पुलिस ने विभिन्न बैंक खातों में जमा ठगी की रकम में से 1 करोड़ 38 लाख रुपए होल्ड कराए हैं। दोनों मामलों में एक ही गिरोह से जुड़े आरोपियों की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, ठगों ने दोनों कंपनियों के अधिकृत व्यक्तियों के नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल कर व्हाट्सएप पर फर्जी पहचान तैयार की थी। इसके बाद कंपनी के अकाउंटेंट को भुगतान संबंधी निर्देश भेजकर बड़ी रकम दूसरे बैंक खातों में स्थानांतरित करवा ली गई। प्रारंभिक जांच में दोनों वारदातों का तरीका समान पाया गया है।
पहला मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है। कमल विहार निवासी एवं राठी बंधुस कमर्शियल प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक विजय राठी के नाम और प्रोफाइल फोटो का दुरुपयोग कर अज्ञात आरोपियों ने 19 से 21 अक्टूबर 2026 के बीच कंपनी के अकाउंटेंट लेखराम चक्रधारी से व्हाट्सएप पर संपर्क किया। संदेशों को वास्तविक समझकर अकाउंटेंट ने कंपनी के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया खाते से 93 लाख रुपए अन्य बैंक खाते में स्थानांतरित कर दिए। धोखाधड़ी का पता चलने पर टिकरापारा थाने में प्रकरण दर्ज कराया गया।
इसी तरह तेलीबांधा थाना क्षेत्र में ट्रांसफॉर्मर एंड ट्रांसमिशन लिमिटेड के साथ 2 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी हुई। कंपनी के मुख्य वित्त अधिकारी ओमकार वरु की शिकायत के अनुसार, साइबर ठगों ने कंपनी के अधिकृत व्यक्ति अंशुल शर्मा की पहचान का इस्तेमाल करते हुए अकाउंटेंट बिरेश तिवारी को व्हाट्सएप संदेश भेजा। संदेश में टी-के कंस्ट्रक्शन के बैंक खाते में 2 करोड़ रुपए भेजने के निर्देश दिए गए थे। इसके आधार पर अकाउंटेंट ने बैंक ऑफ बड़ौदा की पंडरी शाखा में संचालित कंपनी के खाते से ऑनलाइन रकम ट्रांसफर कर दी।
दोनों घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा टिकरापारा और तेलीबांधा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की। जांच टीम ने संदिग्ध मोबाइल नंबरों, व्हाट्सएप प्रोफाइल, बैंक खातों में हुए लेन-देन और सीसीटीवी फुटेज का तकनीकी विश्लेषण कर आरोपियों की पहचान की।
टिकरापारा थाना क्षेत्र में हुई 93 लाख रुपए की ठगी के मामले में पुलिस ने महाराष्ट्र के ठाणे जिले के उल्हासनगर से आकाश कन्हैया लाल चुथ (20), साहिल रमेश नथानी (23) और राज चन्दर लाल जुमानी (23) को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 25 हजार रुपए नकद, 6 मोबाइल फोन, 3 एटीएम कार्ड और 3 पासबुक जब्त की गई हैं।
वहीं, तेलीबांधा थाना क्षेत्र में हुई 2 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी के सिलसिले में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से विनय श्रीवास्तव (47) और विनोद कुमार (49) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को प्रयागराज कोर्ट से जमानत मिल गई है। उन्हें आगे की जांच के लिए रायपुर लाने की प्रक्रिया की जा रही है। इसके अतिरिक्त एक अन्य आरोपी को रायपुर में उपस्थित होने के लिए नोटिस जारी किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित