रायपुर , अक्टूबर 30 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के फाफाडीह स्थित जयलक्ष्मी कॉम्प्लेक्स में पूजा-पाठ के बहाने एक महिला से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी ठगने के मामले में गंज थाना पुलिस ने दो लोगों को पकड़कर इनके कब्जे से ठगी के 17 ग्राम सोने के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल एक मोबाइल फोन जब्त किया है। प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार जयलक्ष्मी कॉम्प्लेक्स फाफाडीह निवासी जसवंत परमार ने थाना गंज में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि मार्च 2026 में तीन अज्ञात साधु उनके घर पहुंचे थे। उस दौरान साधुओं ने उनकी पत्नी की बीमारी, आंखों की परेशानी और पारिवारिक समस्याओं के संबंध में ऐसी बातें बताईं, जिससे महिला उनके झांसे में आ गई।
आरोपियों ने महिला की परेशानियां दूर करने के लिए विशेष पूजा-पाठ कराने का भरोसा दिलाया और शुरुआत में उससे सोने की अंगूठी तथा नकदी ले ली। इसके लगभग 10-12 दिन बाद वे दोबारा घर पहुंचे और पूजा के बाद आभूषण लौटाने का आश्वासन देकर सोने की चेन सहित अन्य सोने-चांदी के जेवरात भी ले गए। इस तरह आरोपियों ने अलग-अलग अवसरों पर महिला से आभूषण और नकदी हासिल की।
शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने महिला को धमकाया कि यदि उसने इस संबंध में किसी अन्य व्यक्ति को जानकारी दी तो परिवार के सदस्यों की मृत्यु हो सकती है अथवा उनके साथ कोई अनिष्ट हो सकता है। इस भय के कारण महिला लंबे समय तक घटना के बारे में किसी को नहीं बता सकी।
इस बीच गत सात सितंबर से आरोपियों ने महिला को लगातार फोन कर अतिरिक्त जेवरात और नकदी की मांग शुरू कर दी। बार-बार की जा रही मांग से महिला को धोखाधड़ी का संदेह हुआ। आरोपियों ने न तो कोई पूजा-पाठ कराया और न ही पहले लिए गए आभूषण वापस किए। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) विवेक शुक्ला और सहायक पुलिस आयुक्त, कोतवाली दीपक मिश्रा ने आरोपियों की पहचान कर उनकी शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद थाना प्रभारी गंज निरीक्षक दीपक पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने शिकायतकर्ता और उसकी पत्नी से विस्तृत जानकारी जुटाई। इसके साथ ही आरोपियों द्वारा संपर्क के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों तथा महिला को कॉल करने वाले अन्य नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर पुलिस टीम ग्वालियर (मध्यप्रदेश) तक पहुंची।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुरूदयाल सिंह उर्फ दल्लू (22) पुत्र भरत सिंह निवासी नूरगंज सेवा नगर थाना किला गेट जिला ग्वालियर (म.प्र.) तथा विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अपने भाई और एक अन्य साथी के साथ मिलकर पूजा-पाठ का झांसा देकर ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी के 17 ग्राम सोने के आभूषण और घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन जब्त किया है। पकड़े गए आरोपी और विधि के साथ संघर्षरत बालक के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रकरण में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान के नाम पर अन्य लोगों को भी इसी तरह ठगी का शिकार तो नहीं बनाया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित