रायपुर , जुलाई 31 -- छत्तीसगढ़ में अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के मध्य जोन ने शुक्रवार को बीएसयूपी कॉलोनियों में विशेष चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान करीब 350 मकानों की जांच की गई, जिसमें आठ संदिग्धों की पहचान हुई। वहीं मारपीट के मामले में पिछले कुछ महीने से फरार चल रहे एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, यह अभियान शुक्रवार सुबह 4:30 बजे से नौ बजे तक थाना तेलीबांधा क्षेत्र के बीएसयूपी लाभांडी, बीएसयूपी तेलीबांधा (मरीन ड्राइव) और देवार डेरा क्षेत्र में चलाया गया। कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (मध्य) तारकेश्वर पटेल के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त (सिविल लाइन) रमाकांत साहू के नेतृत्व में की गई।
अभियान में थाना तेलीबांधा एवं पुलिस लाइन के 80 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे। इस दौरान किरायेदारों के पुलिस सत्यापन, बिना सत्यापन के किरायेदार रखने वाले मकान मालिकों और बाहरी संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई।
पुलिस ने बताया कि चेकिंग के दौरान मिले सभी संदिग्धों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। इनमें मारपीट के एक मामले में फरार आरोपी भी शामिल है जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस टीम ने स्थानीय नागरिकों को अपराध नियंत्रण के लिए "समाधान" मोबाइल ऐप की जानकारी दी और किरायेदारों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने की अपील की। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की गई।
रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने घरों में किरायेदार रखने से पहले उनका पुलिस सत्यापन जरूर कराएं और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी डायल 112 अथवा नजदीकी पुलिस थाने में दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित