रायपुर , मार्च 12 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट रायपुर में प्रशासनिक व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पुलिस कमिश्नर द्वारा जी.ई. रोड स्थित लाल गंगा मॉल के सामने नवीन पुलिस उपायुक्त उत्तर क्षेत्र कार्यालय और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नॉर्थ कार्यालय का गुरुवार को विधिवत शुभारंभ किया गया।

नए कार्यालय के प्रारंभ होने से उत्तर क्षेत्र में पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और सुचारू बनाने में मदद मिलेगी। इस कार्यालय के अंतर्गत अब गुढ़ियारी, खमतराई, उरला, पंडरी और खम्हारडीह थाना क्षेत्रों का पर्यवेक्षण किया जाएगा।

कार्यालय में पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) मयंक गुर्जर (भा.पु.से.) तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तर क्षेत्र) आकाश मरकाम बैठकर प्रशासनिक कार्यों का संचालन करेंगे।

पुलिस विभाग के अनुसार, इस नए कार्यालय के संचालन से उत्तर क्षेत्र के थाना क्षेत्रों में कानून व्यवस्था की निगरानी और पुलिस प्रशासन की कार्यक्षमता को और बेहतर बनाया जा सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित