रायपुर , सितंबर 19 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के राखी थाना क्षेत्र में पत्नी से अवैध संबंध होने के संदेह में एक किराएदार व्यापारी ने कथित तौर पर मकान मालिक की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से शनिवार मिली जानकारी के अनुसार घटना ग्राम गनोद की है। मृतक की पहचान वेद राम साहू (45) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पुरुषोत्तम धीवर (25) मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम धमनी का निवासी है। पुरुषोत्तम ने वेद राम साहू के मकान में दुकान किराए पर लेकर ऑटो पार्ट्स का कारोबार शुरू किया था। उसकी पत्नी का भी दुकान पर आना-जाना था।

रायपुर ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने बताया, "युवक को शक था कि, मकान मालिक का उसकी पत्नी से अवैध संबंध है। इसे लेकर दोनों के बीच विवाद था। हाथापाई भी हुई। इस दौरान किराएदार ने उसकी हत्या कर दी।"पुलिस के मुताबिक इसी संदेह को लेकर पुरुषोत्तम और वेद राम के बीच पहले भी कई बार विवाद और गाली-गलौज हुई थी। घटना के दौरान दोनों के बीच एक बार फिर विवाद हुआ और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान पुरुषोत्तम ने वेद राम का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर राखी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आरोपी द्वारा अपनी पत्नी और मकान मालिक के बीच अवैध संबंध होने का संदेह प्रमुख वजह के रूप में सामने आया है।

पुलिस ने पुरुषोत्तम धीवर को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ के साथ यह भी जांच की जा रही है कि घटना के समय मौके पर कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था या नहीं। मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित