रायपुर , मार्च 13 -- ) छत्तीसगढ़ में रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में एक सराफा कारोबारी को चकमा देकर लाखों रुपये के गहने लेकर फरार होने का मामला सामने आया है।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार शाम पति-पत्नी बनकर दुकान पहुंचे दो लोगों ने खरीदारी के बहाने करीब पांच लाख रुपये के जेवर पहन लिए और पैसे लाने की बात कह कर मौके से गायब हो गये। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक देवपुरी स्थित "मां दुर्गा ज्वेलर्स" के संचालक दुर्गा प्रसाद सोनी ने गुरुवार शाम टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि कमलेश्वरी साहू और मेशराम साहू नाम के दो लोग उनकी दुकान पर गहने खरीदने के लिए आए थे।
दुकान में दोनों ने सोने का रानी हार, बाली और अंगूठी के साथ-साथ चांदी की पायल और बिछिया सहित कुल लगभग चार लाख 93 हजार रुपये के आभूषण पसंद किए। आरोपियों ने गहने पहनकर कहा कि वे परिचितों से पैसे लेकर तुरंत लौटते हैं। यह कहकर दोनों दुकान से बाहर निकले, लेकिन फिर वापस नहीं आए। घटना के बाद कारोबारी ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला कायम कर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित