रायपुर , फरवरी 06 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नाबालिग लड़कियों के साथ अपराधों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। ताजा मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है जहां सिग्नल पर भिक्षा मांगकर गुजारा करने वाली आठ वर्षीय बच्ची को बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात एक कार चालक ने खाना खिलाने के लालच में अपहरण कर लिया और वीआईपी रोड पर ले जाकर दुष्कर्म किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के सहारे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी जानकारी आज रायपुर पुलिस ने दी । यह घटना मात्र दो सप्ताह बाद सिविल लाइन इलाके में नौ वर्षीय बच्ची के साथ हुई दरिंदगी के बाद सामने आई है।

तेलीबांधा सिग्नल पर बुधवार रात करीब नौ बजकर तीस मिनट पर पीड़िता अपनी सहेली के साथ वाहन चालकों से पैसे मांग रही थी। इसी दौरान स्विफ्ट कार सवार 21 वर्षीय नवीन सोनी ने दोनों नाबालिगों को खाना खिलाने का झांसा देकर गाड़ी में बिठा लिया। ललित महल के पास पहुंचकर उसने सहेली को खाने-पीने का सामान लाने के बहाने भेज दिया और कार आगे बढ़ाकर पीड़िता के साथ दुष्कर्म को अंजाम दिया। देर शाम तक बच्ची घर न लौटी तो परिजनों ने तेलीबांधा थाने को सूचना दी।

एसीसीयू और स्थानीय पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर रातभर तलाशी अभियान चलाया। गुरुवार सुबह चार बजे सिलतरा निवासी आरोपी नवीन को दबोच लिया गया। ट्रेवल एजेंसी में ड्राइवर के रूप में काम करने वाले नवीन ने पूछताछ में अपना अपराध कबूल कर लिया। पीड़िता ने भी परिजनों को पूरी घटना सुनाई। पुलिस ने अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित