रायपुर , अक्टूबर 23 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नाइट्राजेपम की 2,100 गोलियों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। जब्त गोलियों की कीमत करीब 8.40 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार आरोपी महादेवघाट विसर्जन कुंड के पास गोलियां बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था। पूछताछ में उसने गोलियां ओडिशा से लाने की जानकारी दी है।अवैध मादक पदार्थों और साइबर अपराधोंपुलिस के अनुसार, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और डीडी नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। टीम को महादेवघाट विसर्जन कुंड के आसपास एक व्यक्ति के प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बेचने के लिए ग्राहक तलाशने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहम्मद असजद बताया। वह डंगनिया क्षेत्र की शांति विहार कॉलोनी का निवासी है। पुलिस ने उसके बैग की तलाशी ली, जिसमें नाइट्राजेपम की 2,100 टैबलेट बरामद हुईं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास इन गोलियों को रखने और बेचने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।
मामले में डीडी नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नशीली गोलियों की खरीद, परिवहन और बिक्री से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी ने गोलियां किससे खरीदी थीं और इनकी आपूर्ति किन लोगों को की जानी थी। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित