रायपुर , मई 26 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पारस नगर इलाके में घर के सामने नशा करने से रोकने पर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक युवक और उसके पिता ने मिलकर पड़ोसी परिवार पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घायलों में पिता-पुत्र की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार पारस नगर निवासी अरुण साहू ने घर के सामने नशा कर रहे साहिल खान को मना किया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट और चाकूबाजी में बदल गया। आरोप है कि साहिल खान और उसके पिता इस्माइल ने चाकू से हमला कर दिया।

घटना में अरुण साहू, उनकी पत्नी रजनी साहू और पुत्र अनुज साहू घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल अरुण साहू और अनुज साहू का उपचार जारी है। वारदात के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई और अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलने पर गंज थाना पुलिस, एसीपी कोतवाली तथा अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी साहिल खान और इस्माइल को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित