रायपुर , अप्रैल 04 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शनिवार को अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की दो घटनाएं सामने आईं।

जिले के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित एक बहुमंजिला आवासीय परिसर की लिफ्ट में आज अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया, वहीं भनपुरी इलाके के एक बंद पड़े तंबाकू गोदाम में भी आग भड़क उठी। दोनों ही मामलों में समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खमतराई क्षेत्र के डॉल्फिन ज्वेलो अपार्टमेंट की लिफ्ट से अचानक धुआं निकलने लगा, जो कुछ ही देर में आग में तब्दील हो गया। घटना के समय अपार्टमेंट में कई परिवार मौजूद थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा गार्ड ने तत्काल रहवासियों को सतर्क किया और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया।

स्थानीय लोगों और सुरक्षा कर्मियों ने मिलकर अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग पर प्रारंभिक नियंत्रण पा लिया। सूचना मिलने पर दमकल दल भी मौके पर पहुंचा, जिसने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित किया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि लिफ्ट को काफी नुकसान पहुंचा है।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, जबकि वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए जांच जारी है।

इसी तरह भनपुरी क्षेत्र में एक बंद पड़े तंबाकू गोदाम में भी आग लग गई। आशंका जताई जा रही है कि आसपास कचरा जलाने के दौरान आग गोदाम तक पहुंची, जिससे यह हादसा हुआ। दमकल विभाग की टीम एक फायरब्रिगेड के साथ मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने भवनों में अग्नि सुरक्षा उपायों की नियमित जांच कराते रहें और किसी भी आपात स्थिति में तत्परता दिखाएं, ताकि संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित