रायपुर , मई 14 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में प्रस्तावित एक टेक्नो पार्टी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर ''रेड रूम टेक्नो पार्टी'' नाम से प्रचारित इस आयोजन पर सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक मर्यादाओं को आहत करने के आरोप लगाए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, पार्टी के प्रचार-प्रसार में जारी वीडियो सामग्री में कथित तौर पर नाबालिग लड़कियों का इस्तेमाल किया गया है। वीडियो को आपत्तिजनक और अश्लील अंदाज में प्रस्तुत किए जाने को लेकर सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने नाराजगी जताई है।
सूत्रों के मुताबिक, आयोजन के दौरान नशे से जुड़े पदार्थों के उपयोग और परोसे जाने की आशंका भी व्यक्त की जा रही है। इसके साथ ही आयोजन स्थल की बुकिंग प्रक्रिया और प्रशासनिक अनुमति को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
बताया गया है कि यह आयोजन शुक्रवार को शहर के "फर्जी कैफे" में शाम छह बजे से रात 11 बजे तक प्रस्तावित है। पार्टी के लिए विभिन्न श्रेणियों में आठ हजार रुपये से लेकर 40 हजार रुपये तक शुल्क निर्धारित किया गया है। वहीं कलाकारों से मुलाकात के लिए अलग से शुल्क लिए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
मामले को लेकर राजधानी में विरोध का माहौल है और कई सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए पुलिस अधिकारी एसीपी रमाकांत साहू ने कहा कि इस आयोजन की आधिकारिक सूचना पुलिस को प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मामले को संज्ञान में लेकर जांच की जाएगी तथा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी प्रकार की अश्लील या अवैध गतिविधि का आयोजन न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित