रायपुर , अप्रैल 18 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बढ़ती पेयजल समस्या को लेकर शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम के मोवा जोन कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता मटका लेकर पहुंचे और निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल आपूर्ति व्यवस्था सुधारने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी के बीच भी शहर के कई इलाकों में पानी की किल्लत बनी हुई है, लेकिन निगम प्रशासन इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहा है। विशेष रूप से मोवा क्षेत्र के अशोका इम्प्रेशन और दुबे कॉलोनी में रहने वाले करीब 80 से अधिक परिवार लंबे समय से जल संकट का सामना कर रहे हैं।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, इन क्षेत्रों में नियमित जल आपूर्ति बाधित है, जिससे पीने के पानी तक के लिए लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। हालात ऐसे हैं कि कई परिवारों को टैंकर और बोतलबंद पानी खरीदकर गुजारा करना पड़ रहा है, जिससे अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
लोगों का कहना है कि हर वर्ष गर्मी के मौसम में फरवरी से जुलाई के बीच यह समस्या और गंभीर हो जाती है। नलों में पानी नहीं आता और टंकियां खाली रह जाती हैं, जिससे स्थिति और विकट हो जाती है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित