रायपुर , अक्टूबर 24 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के नगर पालिक निगम ने वार्ड क्रमांक-8 के अंतर्गत बीएसयूपी खालबाड़ा में लगातार चार दिनों तक सफाई कार्य बंद रखने पर अनुबंधित सफाई ठेकेदार मेसर्स नवाज इंटरप्राइजेस के खिलाफ कार्रवाई की है।
निगम के जोन क्रमांक-9 के जोन कमिश्नर हितेंद्र यादव ने शनिवार को बताया कि उन्होंने ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी कर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार ठेका निरस्त करने की चेतावनी भी दी गई है।
अधिकारी के अनुसार, बीएसयूपी खालबाड़ा में 20 अक्टूबर 2026 से 23 अक्टूबर 2026 तक लगातार चार दिनों तक सफाई संबंधी कार्य बंद रखा गया। ठेकेदार ने बिना पूर्व अनुमति और बिना पूर्व सूचना के काम बंद किया, जिससे क्षेत्र की सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जोन क्रमांक-9 के स्वास्थ्य विभाग ने ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी कर लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। ठेकेदार को जोन कमिश्नर के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही तत्काल सफाई कार्य शुरू करने और अगले 24 घंटे के भीतर सफाई व्यवस्था में सुधार लाने को कहा गया है।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ठेकेदार का जवाब संतोषजनक नहीं होने अथवा निर्धारित समय में सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं किए जाने पर नियमानुसार ठेका निरस्त करने की कार्रवाई की जा सकती है। जनहित को ध्यान में रखते हुए ठेकेदार पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित