रायपुर , अप्रैल 15 -- ) छत्तीसगढ़ के रायपुर में एलपीजी सिलेंडर में गैस की जगह पानी भरे होने की शिकायत दर्ज कराई गयी है। यह मामला रायपुरा चौक स्थित इंद्रप्रस्थ फेस-2 क्षेत्र का बताया जा रहा है।

शिकायत के आधार पर प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपभोक्ता धर्मेंद्र ने बताया कि उन्होंने बीते 14 फरवरी को टाटीबंध स्थित परवेज गैस एजेंसी से बुकिंग नंबर 587026 के तहत एलपीजी सिलेंडर प्राप्त किया था। सिलेंडर लेते समय उसका वजन मौके पर नहीं कराया गया, हालांकि बाहरी स्थिति सामान्य लगने पर उन्होंने उसे स्वीकार कर लिया।

धर्मेंद्र के मुताबिक, घर में उपयोग में चल रहा पुराना सिलेंडर समाप्त होने के बाद जब नए सिलेंडर का उपयोग शुरू किया गया, तो वह केवल दो दिन ही चल पाया। इसके बाद अचानक गैस की आपूर्ति बंद हो गयी। संदेह होने पर जब सिलेंडर को जांचा गया, तो उसके भीतर से तरल पदार्थ की आवाज सुनाई दी। बाद में सिलेंडर को झुकाकर वाल्व के पास जांच करने पर उसमें से पानी निकलने की पुष्टि हुई।

घटना के बाद उपभोक्ता ने संबंधित मामले की शिकायत खाद्य विभाग में दर्ज कराई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, इससे पहले भी गैस एजेंसियों द्वारा सिलेंडरों में गड़बड़ी के कुछ मामले सामने आ चुके हैं। भनपुरी क्षेत्र में भी इसी तरह की शिकायत मिली थी, जिसमें जांच के बाद संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।

फिलहाल विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर संबंधित एजेंसी पर नियमानुसार कार्रवाई की बात कही गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित