नयी दिल्ली , जनवरी 12 -- छत्तीसगढ़ में आयोजित दूसरे भारत अंतर्राष्ट्रीय चावल शिखर सम्मेलन के दौरान रायपुर में कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन किया गया।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की सोमवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साई ने कहा कि एपीडा का रायपुर क्षेत्रीय कार्यालय प्रदेश के किसानों को वैश्विक अर्थव्यवस्था से जोड़ने का एक मिशन है। उन्होंने वैश्विक कृषि बाजारों में राज्य के किसानों, निर्यातकों और उद्यमियों की क्षमता का उल्लेख करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ उच्च मूल्य और दीर्घकालिक कृषि निर्यात में अग्रणी भूमिका निभाएगा। कार्यालय के उद्घाटन समारोह में छत्तीसगढ़ सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने एपीडा के रायपुर क्षेत्रीय कार्यालय को स्वीकृति देने के लिए वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल को धन्यवाद दिया और कहा है कि राज्य से कृषि और जैविक उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने में एपीडा और वाणिज्य विभाग को पूर्ण सहयोग किया जाएगा।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि छत्तीसगढ़ को कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों के निर्यात के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से दूसरे भारत अंतर्राष्ट्रीय चावल शिखर सम्मेलन का आयोजन किया गया है।
छत्तीसगढ़ में समृद्ध और विविध कृषि-पारिस्थितिकी तंत्र के साथ चावल कीअलग अलग तरह की किस्मों सहित तरह तरह के उत्पादों के निर्यात की बड़ी संभावनाएं हैं। निर्यात की संभावना रखने वाले उत्पादों में प्रीमियम गैर-बासमती चावल की किस्में और भौगोलिक संकेत (जीआई) टैग वाले जीराफूल चावल और नागरी दुबराज चावल जैसे उत्पाद शामिल हैं। प्रदेश अमरूद, केला, ड्रैगन फ्रूट, कटहल, सीताफल, टमाटर और खीरा सहित विभिन्न प्रकार के फल और सब्जियों के साथ ही महुआ, इमली, जड़ी-बूटी और औषधीय पौधे जैसे महत्वपूर्ण लघु वन उत्पाद भी उगाता है और यह राज्य को वैश्विक बाजारों में अपनी उपस्थिति बढ़ाने के मजबूत अवसर प्रदान करते हैं।
रायपुर में एपीडा क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना छत्तीसगढ़ की कृषि अर्थव्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बतायी गयी है। यह नया कार्यालय निर्यात पंजीकरण, परामर्श सहायता, बाजार संबंधी जानकारी, प्रमाणन सहायता, निर्यात सुगमता, अवसंरचना विकास और बाजार संपर्क सहायता जैसी सेवाएं प्रदान करके किसानों, उत्पादक समूहों, सहकारी समितियों और निर्यातकों को सुविधा प्रदान करेगा। एपीडा ने छत्तीसगढ़ से कोस्टा रिका और पापुआ न्यू गिनी को फोर्टिफाइड चावल के निर्यात में भी सहायता की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित