रायपुर , जुलाई 22 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद की जिला इकाई की ओर से कारगिल विजय दिवस के अवसर पर 25 और 26 जुलाई को दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन का उद्देश्य कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करना, युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना का संचार करना तथा उन्हें राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करना है।

परिषद के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत 25 जुलाई को शाम 4:30 बजे आकाशवाणी चौक में वीर चक्र से सम्मानित शहीद कौशल यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ होगी। इसके बाद आकाशवाणी चौक से कलेक्ट्रेट चौक, मोती बाग, कालीबाड़ी, सिद्धार्थ चौक, संतोषी नगर और बोरिया खुर्द होते हुए मां दुर्गा मंदिर परिसर, कांदुल तक भव्य बाइक रैली निकाली जाएगी।

मुख्य समारोह 26 जुलाई को मां दुर्गा मंदिर परिसर, कांदुल स्थित निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। समारोह में छत्तीसगढ़ के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। साथ ही शहीद परिवारों एवं कारगिल युद्ध के योद्धाओं का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम में देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के अलावा कविता पाठ का भी आयोजन होगा।

अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के प्रांतीय सचिव योगेश साहू ने पूर्व सैनिकों, उनके परिवारों, गणमान्य नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों से दोनों दिन आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर कारगिल के वीरों को श्रद्धांजलि देने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित