रायपुर , अगस्त 06 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर माता सीता और हिंदू साधु-संतों के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के आरोप को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। मामले में बुधवार रात बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सिविल लाइन थाना पहुंचकर प्रदर्शन किया और आरोपी के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोपी के खिलाफ नारेबाजी भी की। पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
बजरंग दल के पदाधिकारियों के अनुसार, एक इंस्टाग्राम आईडी से की गई एक पोस्ट में माता सीता और हिंदू साधु-संतों के बारे में कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। संगठन का दावा है कि यह अकाउंट रायपुर के राजा तालाब क्षेत्र निवासी वसीम अहमद का है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर संबंधित पोस्ट, इंस्टाग्राम अकाउंट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है।
बजरंग दल का कहना है कि कथित पोस्ट से हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। संगठन ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित