रायपुर , मार्च 31 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने अवैध शराब के संगठित नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य सरगना दीपक मुदलियार को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई रायपुर कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन पुलिस द्वारा की गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना गंज क्षेत्र के गंजपारा स्थित प्रभात टॉकीज के पीछे भट्ठी क्षेत्र में जनवरी 2026 में अवैध देशी मसाला मदिरा के बड़े जखीरे का खुलासा हुआ था। मौके से पुलिस ने 42.840 बल्क लीटर अवैध शराब (238 पौवा) और 3 लाख 40 हजार 220 रुपये नकद सहित कुल 4 लाख 28 हजार 20 रुपये की संपत्ति जब्त की थी।
इस मामले में थाना गंज में अपराध क्रमांक 112/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम और 112(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अवैध शराब का यह कारोबार संगठित तरीके से संचालित किया जा रहा था, जिसमें कई लोग भंडारण, परिवहन और सप्लाई में शामिल थे।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और पतासाजी के आधार पर इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें ओमप्रकाश उर्फ प्रकाश साहू और गोपाल दास मानिकपुरी को प्रारंभिक कार्रवाई में पकड़ा गया था। बाद में फरार चल रहे राजेश नागेश (43) और दीप पाल सागर (30) को भी गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित