रायपुर , मई 30 -- ) छत्तीसगढ़ में रायपुर ग्रामीण जिले के गोबरा नवापारा थाना प्रभारी निरीक्षक दीपेश जायसवाल को अवैध शराब कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई नहीं करने तथा संदिग्ध आचरण के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक रायपुर (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिंह ने आदेश जारी किया है।

पुलिस विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब के निर्माण और बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। उच्च अधिकारियों की ओर से थाना प्रभारी को ऐसे मामलों पर सख्ती से नियंत्रण और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गये थे, लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार जारी रहने की शिकायतें लगातार सामने आती रहीं।

आबकारी विभाग ने 29 मई को एसीसीयू गोबरा नवापारा क्षेत्र में लल्ला सोनवानी के ठिकाने पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान वहां अवैध शराब बिक्री की पुष्टि हुई। बताया गया कि सूचना मिलने पर थाना प्रभारी दीपेश जायसवाल भी मौके पर पहुंचे थे।

विभागीय जांच में यह आरोप सामने आया कि कार्रवाई के दौरान उन्होंने अपेक्षित निष्पक्षता और संवेदनशीलता का प्रदर्शन नहीं किया तथा आरोपी लल्ला सोनवानी से अलग से बातचीत की, जिससे उनके आचरण पर सवाल खड़े हुए।

पुलिस अधीक्षक ने आदेश में कहा है कि निरीक्षक जायसवाल अपने थाना क्षेत्र में अवैध शराब गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में विफल रहे। साथ ही उनके व्यवहार को भी संदिग्ध मानते हुए इसे गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में रखा गया है।

आदेश के तहत श्री जायसवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस अधीक्षक कार्यालय रायपुर (ग्रामीण) से संबद्ध किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित