रायपुर , अक्टूबर 03 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में खमतराई थाना पुलिस ने डीजल के अवैध परिवहन के मामले में कार्रवाई करते हुए एक टाटा इंट्रा वाहन से करीब 1,400 लीटर डीजल जब्त कर वाहन चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने डीजल और वाहन समेत करीब 6.40 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस से शनिवार को मिली जानकारी के अनुसार, खमतराई थाना पुलिस की टीम क्षेत्र में भ्रमण पर थी। इसी दौरान मुखबिर से भनपुरी की ओर से खमतराई की तरफ एक मेटाडोर वाहन में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पदार्थ डीजल लाए जाने की सूचना मिली। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद पुलिस टीम ने संबंधित वाहन की तलाश शुरू की।
पुलिस ने घेराबंदी कर टाटा इंट्रा वाहन क्रमांक CG04UN/7617 को रोककर उसकी तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन के पिछले हिस्से में सात बड़े लोहे के ड्रम मिले। पुलिस के अनुसार, प्रत्येक ड्रम में करीब 200 लीटर डीजल भरा हुआ था और इस तरह वाहन से कुल करीब 1,400 लीटर डीजल बरामद किया गया।
वाहन चालक ने पूछताछ में अपना नाम विजेन्द्र सिंह यादव (50) बताया। आरोपी मूल रुप से बिहार का रहने वाला है और वर्तमान में भेमता में रह रहा है।
पुलिस ने चालक से डीजल को अपने कब्जे में रखने और उसके परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने डीजल से भरे सभी सात ड्रम और वाहन जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस मामले में आरोपी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित