रायपुर , मार्च 26 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित साइबर ठगी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए तीन फर्जी कॉल सेंटरों पर कार्रवाई की है।
पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार गंज और राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में चल रहे इन अवैध कॉल सेंटरों से विदेशी नागरिकों को निशाना बनाकर ठगी की जा रही थी। पुलिस ने इस मामले में 40 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह गिरोह मुख्य रूप से अमेरिका और यूरोप के नागरिकों को लोन दिलाने के नाम पर झांसा देता था। साथ ही आरोपी खुद को प्रतिष्ठित कंपनियों के ग्राहक सेवा प्रतिनिधि बताकर भी लोगों को ठगते थे। इसके लिए इंटरनेट पर फर्जी हेल्पलाइन नंबरों को प्रमुखता से दिखाया जाता था, जिससे विदेशी नागरिक इनके संपर्क में आ जाते थे।
जांच में यह भी सामने आया है कि कॉल सेंटरों का संचालन रात के समय किया जाता था, ताकि विदेशों के समयानुसार अधिक से अधिक लोगों को निशाना बनाया जा सके। आरोपियों को विभिन्न राज्यों से लाकर यहां काम पर लगाया गया था और उन्हें मासिक वेतन दिया जाता था।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं, जिनमें लैपटॉप, डेस्कटॉप कंप्यूटर और मोबाइल फोन शामिल हैं। फिलहाल सभी संदिग्धों से पूछताछ जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित