रायपुर , मई 27 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक पुरंदर मिश्रा से ऑनलाइन ठगी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को बुधवार को ओडिशा से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी सहदेव को ओडिशा के पुरी जिले के अस्तरंग थाना क्षेत्र से पकड़ा और आज ही रायपुर लाया गया है। पुलिस मामले का विस्तृत खुलासा जल्द कर सकती है।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने खुद को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का निजी सहायक (पीए) बताकर रायपुर उत्तर से पार्टी विधायक पुरंदर मिश्रा को फोन किया था। आरोपी ने कहा कि उनकी गाड़ी संबलपुर के जंगल क्षेत्र में फंस गई है और डीजल खत्म होने के कारण तत्काल आर्थिक सहायता की आवश्यकता है।

गौरतलब है कि विधायक मिश्रा को 25 मई को यह कॉल प्राप्त हुआ था। कॉल करने वाला व्यक्ति उड़िया लहजे में बात कर रहा था तथा फोन के पीछे बच्चों की आवाजें भी सुनाई दे रही थीं, जिससे विधायक को उस पर भरोसा हो गया। इसके बाद विधायक ने अपने सेवक नारायण मिश्रा को संबंधित खाते में रकम ट्रांसफर करने के निर्देश दिए।

आरोपी ने पहले 4500 रुपए और बाद में 5500 रुपए अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए खाते में डलवाए। कुल 10 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए। इसके बाद आरोपी द्वारा दोबारा पैसों की मांग किए जाने पर संदेह गहराया और जांच में मामला ठगी का निकला।

घटना के बाद खम्हारडीह थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि उसने पूर्व में भी इसी प्रकार की अन्य ठगी की घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित