रायपुर , मई 06 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मंगलवार रात हुए फायरिंग मामले में एक और बड़ा अपडेट सामने आया है। अस्पताल में उपचार के दौरान गंभीर रूप से घायल दूसरी युवती ने भी बुधवार सुबह दम तोड़ दिया, जिससे इस घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर दो हो गई है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना मोवा थाना क्षेत्र के पंडरी इलाके में कल देर रात हुई थी। आरोपी जितेंद्र वर्मा का अपनी पत्नी से किसी पारिवारिक मुद्दे को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के दौरान आरोपी कथित तौर पर अपने बच्चों से मिलने से रोके जाने को लेकर आक्रोशित था। इसी दौरान उसने मौके पर मौजूद अपनी दोनों सालियों पर लाइसेंसी पिस्टल से कई राउंड फायरिंग कर दी।

घटना में गंभीर रूप से घायल दोनों युवतियों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरी ने इलाज के दौरान आज सुबह दम तोड़ दिया।

घटना के बाद आरोपी स्वयं थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है तथा वारदात में प्रयुक्त हथियार भी जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में आरोपी के नशे में होने की बात भी सामने आई है।

रायपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित