रायपुर , सितंबर 11 -- छत्तीसगढ़ सरकार ने रायपुर और गरियाबंद जिलों की चार सिंचाई योजनाओं के लिए 16 करोड़ 03 लाख 38 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इन योजनाओं के तहत नहरों की लाइनिंग, मरम्मत और जीर्णोद्धार के कार्य कराए जाएंगे, जिससे करीब 449 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा का विस्तार एवं सुधार होगा।
जल संसाधन विभाग के अनुसार मंत्रालय महानदी भवन से मुख्य अभियंता, महानदी गोदावरी कछार, जल संसाधन विभाग रायपुर को योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए स्वीकृति जारी की गई है।
रायपुर जिले की गुजरा व्यपवर्तन योजना के लिए चार करोड़ 99 लाख 15 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। इस राशि से नहर लाइनिंग एवं जीर्णोद्धार कार्य कराया जाएगा, जिससे 141 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिलेगी।
गरियाबंद जिले की पतोरा व्यपवर्तन योजना के लिए दो करोड़ दो लाख 50 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे शीर्ष जीर्णोद्धार एवं नहर लाइनिंग का कार्य कराया जाएगा और 84.27 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी।
इसी जिले की गनियारी जलाशय योजना के लिए चार करोड़ 66 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। राशि से जलाशय के जीर्णोद्धार, वेस्ट वियर की मरम्मत, मुख्य नहर की रिमॉडलिंग और सीमेंट कंक्रीट लाइनिंग का कार्य कराया जाएगा। इससे 144 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई क्षमता विकसित होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित