रायपुर , जुलाई 14 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के धरमपुरा क्षेत्र स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल फुंडहर में छात्रों के बीच हुआ मामूली विवाद सोमवार को हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें 11वीं कक्षा के एक छात्र ने अपने सहपाठी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में छात्र की जांघ पर गंभीर चोट आई है। घायल को उपचार के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति अस्पताल (वीवाई हॉस्पिटल) में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार घटना कल दोपहर लगभग 3:15 बजे की है। 11वीं कक्षा के एक छात्र ने अपने सहपाठी पर पानी की बोतल फेंक दी। जब दूसरे छात्र ने इसका कारण पूछा तो आरोपी ने उसे स्कूल के बाहर देखने की धमकी दी और कक्षा से बाहर चला गया।
स्कूल की छुट्टी के बाद जब छात्र परिसर से बाहर निकल रहे थे, तभी कैंपस की पार्किंग में आरोपी अपने साथियों के साथ पहुंचा और पीड़ित छात्र पर हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने अपने पास रखा चाकू निकालकर वार कर दिया, जिससे छात्र की जांघ में गंभीर चोट लगी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल छात्र के साथियों ने तत्काल स्कूल प्रबंधन और परिजनों को घटना की सूचना दी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पीड़ित छात्र का उपचार जारी है।
पीड़ित छात्र के परिजनों की शिकायत पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद स्कूल परिसर में दहशत का माहौल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित