रायपुर , अगस्त 29 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना परिसर में शनिवार को वाटर कूलर में करंट आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने पहुंचा एक पुलिस आरक्षक भी करंट की चपेट में आकर झुलस गया।

पुलिस से आज सुबह मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रमेश ठाकुर (32), निवासी बिल्हा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। रमेश किसी काम से विधानसभा थाना आया था। इसी दौरान थाना परिसर के बाहर लगे वाटर कूलर के पास पानी पीने पहुंचने पर उसने जैसे ही कूलर को छुआ, वह करंट की चपेट में आ गया और बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।

युवक को करंट लगते देख वहां मौजूद पुलिसकर्मी उसे बचाने के लिए पहुंचे। इस दौरान आरक्षक गुलाल वर्मा भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई और दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने रमेश ठाकुर को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल आरक्षक का उपचार किया जा रहा है।

घटना के बाद थाना परिसर में कुछ देर अफरा-तफरी की स्थिति रही। सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। विधानसभा पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हादसे की जानकारी मिलने के बाद सीएसईबी के अधिकारी और कर्मचारी भी विधानसभा थाना परिसर पहुंचे। टीम ने वाटर कूलर सहित विद्युत कनेक्शन की जांच शुरू कर दी है। वाटर कूलर में करंट आने और विद्युत प्रवाह बाहर तक पहुंचने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस और विद्युत विभाग की जांच के बाद हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की बात कही जा रही है। मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित