रायपुर , जून 03 -- छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका की पहल पर लोकभवन में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए बुधवार से तीन दिवसीय ध्यान शिविर का शुभारंभ हुआ। पांच जून तक चलने वाले इस शिविर का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य, एकाग्रता, कार्यक्षमता और तनाव प्रबंधन को सुदृढ़ बनाना है।
राजभवन से जारी जानकारी के अनुसार, हार्टफुलनेस संस्था, अमलेश्वर के सहयोग से आयोजित शिविर के पहले दिन ध्यान के महत्व और उसके व्यावहारिक लाभों पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित ध्यान से मानसिक शांति, सकारात्मक सोच, निर्णय क्षमता और कार्य के प्रति एकाग्रता में वृद्धि होती है, जिससे शासकीय कार्यों के निष्पादन में बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
शिविर के अंतर्गत लोकभवन के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए एक घंटे का विशेष ध्यान सत्र आयोजित किया गया, जिसमें सचिवालय के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। इस दौरान प्रतिभागियों को ध्यान की विभिन्न विधियों का अभ्यास कराया गया तथा दैनिक जीवन में ध्यान को शामिल करने के उपाय बताए गए।
हार्टफुलनेस संस्था के प्रशिक्षक विकास पाठक और डी.एम. शर्मा ने प्रशिक्षण देते हुए कहा कि नियमित मेडिटेशन स्वस्थ, संतुलित और तनावमुक्त जीवन का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि ध्यान व्यक्ति को आंतरिक शांति प्रदान करने के साथ-साथ कार्यस्थल पर उसकी उत्पादकता और सकारात्मकता बढ़ाने में भी सहायक होता है।
तीन दिवसीय शिविर के दौरान आगामी सत्रों में ध्यान, आत्म-जागरूकता, भावनात्मक संतुलन और तनाव प्रबंधन जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित