रायपुर , जुलाई 28 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) के इमरजेंसी वार्ड में मंगलवार दोपहर अचानक आग लगने से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए मरीजों और उनके परिजनों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इमरजेंसी वार्ड और आसपास के हिस्सों में आग लगने के बाद धुआं फैल गया था। स्थिति को देखते हुए अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों ने मोर्चा संभाला और मरीजों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाने की कोशिश की। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें भी मौके पर मौजूद रहीं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, जिसकी जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी मेकाहारा अस्पताल में आग लगने की घटना सामने आ चुकी है। एक ऑपरेशन के दौरान एसी कंप्रेसर फटने से आग लग गई थी, जिसके बाद अस्पताल में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई थी। उस समय अग्निशमन की तीन गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित