रायपुर , अक्टूबर 02 -- छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने स्कूली बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य में सुधार के उद्देश्य से रायपुर जिले के तीन शासकीय विद्यालयों में 'साईंश्योर न्यूट्रिशन कार्यक्रम' के पायलट प्रोजेक्ट का आज शुभारंभ किया है। प्रथम चरण में करीब 500 बच्चों को निःशुल्क पोषण सहयोग दिया जाएगा।
शिक्षा विभाग के अनुसार यह कार्यक्रम सत्य साईं अन्नपूर्णा ट्रस्ट के सहयोग से शुरू किया गया है। पायलट प्रोजेक्ट में नवीन प्राथमिक शाला नवागांव, प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल परसदा तथा शासकीय विद्यालय छेरीखेड़ी को शामिल किया गया है।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली बच्चों को नियमित पोषण सहयोग उपलब्ध कराकर उनके स्वास्थ्य, एकाग्रता, सीखने की क्षमता और समग्र विकास को बढ़ावा देना है। शुभारंभ के अवसर पर सत्य साईं अन्नपूर्णा ट्रस्ट के ट्रस्टी आनंद कडली, शिक्षा विभाग के अधिकारी, संबंधित विद्यालयों के शिक्षक और सत्य साईं संजीवनी अस्पताल की टीम मौजूद रही। इस दौरान बच्चों को साईंश्योर न्यूट्रिशन का वितरण भी किया गया।
ट्रस्ट के अनुसार वर्तमान में देश के 25 राज्यों और चार केंद्र शासित प्रदेशों में एक करोड़ से अधिक स्कूली बच्चों तक प्रातःकालीन पोषण सेवा पहुंचाई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित