रायपुर , सितंबर 21 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के भाठागांव इलाके में स्थित डोमिनोज आउटलेट में वेज और नॉनवेज पिज्जा एक ही ओवन में तैयार किए जाने का आरोप लगाते हुए एक युवक ने सोशल मीडिया के माध्यम से शिकायत की है। मामले से संबंधित युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर अब वायरल हो रहा है।
भाठागांव निवासी मृणाल पाठक के अनुसार वह 19 सितंबर को अपने दोस्तों के साथ रिंग रोड स्थित डोमिनोज आउटलेट में पिज्जा खाने पहुंचे थे। उन्होंने वहां वेज फार्महाउस पिज्जा ऑर्डर किया था। पिज्जा तैयार किए जाने के दौरान उनकी नजर आउटलेट के ओवन पर पड़ी। मृणाल का आरोप है कि कर्मचारियों द्वारा वेज और नॉनवेज पिज्जा एक ही ओवन में तैयार किए जा रहे थे।
शिकायतकर्ता के मुताबिक उन्होंने इस व्यवस्था पर आपत्ति जताते हुए आउटलेट के कर्मचारियों से सवाल किया। उनका आरोप है कि कर्मचारियों ने गलती स्वीकार करने के बजाय मामले को लेकर सफाई दी। कर्मचारियों के जवाब से संतुष्ट नहीं होने के बाद मृणाल आउटलेट से बाहर निकले और पूरे मामले को लेकर एक वीडियो बनाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित