रायपुर , अगस्त 28 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सरोना स्थित ट्रांसजेंडर शेल्टर होम 'गरिमा गृह' में शुक्रवार को रक्षाबंधन का पर्व उत्साह और आत्मीयता के साथ मनाया गया। परिवार और अपनों से दूर रह रहे ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों ने एक-दूसरे को राखी बांधकर भाई-बहन के रिश्ते और आपसी सहयोग का संदेश दिया। हाल ही में नवनियुक्त ट्रांसजेंडर आरक्षकों की मौजूदगी ने भी आयोजन को खास बनाया।
कार्यक्रम के दौरान भावुक क्षण उस समय देखने को मिला, जब ट्रांस महिला निक्की ध्रुव ने अपने भाई स्पर्श कश्यप की कलाई पर राखी बांधी। भाई-बहन ने रक्षाबंधन का पर्व साथ मनाया। इसके अलावा गरिमा गृह में रहने वाले समुदाय के अन्य सदस्यों ने भी एक-दूसरे की कलाई पर राखी बांधी और सुख-दुख में साथ निभाने का संकल्प लिया।
रक्षाबंधन के इस आयोजन में छत्तीसगढ़ में हाल ही में नवनियुक्त हुए ट्रांसजेंडर आरक्षक भी शामिल हुए। पुलिस की वर्दी में पहुंचे आरक्षकों की मौजूदगी समुदाय के सदस्यों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इस दौरान गरिमा गृह में उत्सव और पारिवारिक माहौल देखने को मिला।
पोपी देवनाथ ने कहा, "रक्षाबंधन हमारे लिए सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि भाई-बहन के उस प्यार और अपनत्व को महसूस करने का दिन है जो समाज कई बार हमसे छीन लेता है. गरिमा गृह आज हमारे लिए किसी पक्के परिवार के आशियाने जैसा है."वहीं विद्या राजपूत ने कहा, "हममें से कितनों के ही जीवन में परिवार और भाई-बहनों से दूरियों का एक लंबा सफर रहा है, लेकिन भीतर का प्रेम कभी कम नहीं होता. यहाँ इस पर्व को मनाना उसी खोए हुए अपनेपन को फिर से जीने जैसा खूबसूरत एहसास है."गरिमा गृह में आयोजित रक्षाबंधन समारोह के दौरान समुदाय के सदस्यों ने राखी बांधने के साथ एक-दूसरे के प्रति स्नेह और सहयोग व्यक्त किया। आयोजन ने यह संदेश भी दिया कि पारिवारिक रिश्तों से दूर रहने की परिस्थितियों के बीच आपसी संवेदनाएं और साथ समुदाय के सदस्यों के लिए परिवार जैसा संबल बन सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित