रायपुर , अक्टूबर 30 -- छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने शुक्रवार को राजधानी रायपुर के आसमान में उड़ान भरकर शहरवासियों को रोमांचित कर दिया। हेलीकॉप्टरों की गड़गड़ाहट सुनकर बड़ी संख्या में लोग अपने घरों और कार्यालयों की छतों पर पहुंच गए तथा वायुसेना के हेलीकॉप्टरों की उड़ान का आनंद लिया।

राजधानी के विभिन्न इलाकों में सारंग हेलीकॉप्टरों की उड़ान को लेकर नागरिकों में खासा उत्साह देखा गया। विशेष रूप से स्कूली बच्चों और युवाओं ने इस नजारे का आनंद लिया। कई लोगों ने हेलीकॉप्टरों की उड़ान को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया। इस दौरान नागरिकों ने हाथ हिलाकर वायुसेना के पायलटों का अभिवादन भी किया।

कलेक्टोरेट परिसर स्थित मल्टीलेवल पार्किंग की छत से कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आशीष देवांगन और एसडीएम नभ सिंह कोसले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सारंग हेलीकॉप्टरों की उड़ान देखी। अधिकारियों ने हाथ हिलाकर वायुसेना के पायलटों का स्वागत किया।

इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम की राजधानी में उड़ान रायपुरवासियों के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना के पायलटों का साहस, अनुशासन और उत्कृष्ट उड़ान कौशल देश की सामरिक क्षमता तथा तकनीकी दक्षता को प्रदर्शित करता है। इस प्रकार के आयोजन बच्चों और युवाओं में देशभक्ति की भावना विकसित करने के साथ उन्हें सशस्त्र सेनाओं में शामिल होकर राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित