रायपुर, 29 अप्रैल 2026 (वार्ता) छत्तीसगढ़ की राजधानी की छात्रा हिमशिखा गुप्ता ने कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 96.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश की मेधावी सूची में आठवां स्थान हासिल किया है।
रायपुर कॉन्वेंट स्कूल की इस छात्रा की कामयाबी इसलिए भी खास मानी जा रही है, क्योंकि उन्होंने बिना किसी कोचिंग के यह उपलब्धि हासिल की है।
हिमशिखा ने अपनी पढ़ाई के दौरान डिजिटल माध्यमों का सहारा लिया। उन्होंने यू-ट्यूब के जरिये कठिन विषयों को समझा और चैट जीपीटी की मदद से शंकाओं का समाधान कर अवधारणाओं को मजबूत किया।
स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. श्वेता वासनिक के अनुसार, हिमशिखा शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और समर्पित रही हैं। उन्होंने अपना अधिकतर समय पढ़ाई को दिया, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आया है।
डॉ. वासनिक ने यह भी बताया कि स्कूल की परंपरा के अनुसार टॉप-10 में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। हिमशिखा को भी यह सम्मान प्रदान किया जायेगा।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने के बावजूद हमशिखा ने कभी परिस्थितियों को अपनी राह में बाधा नहीं बनने दिया।
उन्होंने बताया कि प्रतिदिन केवल दो से तीन घंटे पढ़ाई की, लेकिन सही दिशा, निरंतरता और स्मार्ट स्टडी पर ध्यान केंद्रित किया। उनका मानना है कि सीमित समय में भी बेहतर रणनीति के साथ बड़ी कामयाबी हासिल की जा सकती है। वह भविष्य में कंप्यूटर साइंस के क्षेत्र में करियर बनाना चाहती हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित