रायपुर , जून 16 -- भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने स्वामी विवेकानंद विमानपत्तन, रायपुर में सोमवार को "यात्री सुविधा दिवस" का आयोजन किया, जिसकी जानकारी मंगलवार को मीडिया को दी गयी।
इस अवसर पर यात्रियों को उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देने, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा विमानपत्तन प्रबंधन और यात्रियों के बीच संवाद को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया।
एएआई द्वारा आज जारी जानकारी के अनुसार कार्यक्रम के दौरान यात्रियों का गुलाब पुष्प एवं तिलक लगाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यालयी बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
यात्रियों, आगंतुकों एवं कर्मचारियों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी आयोजित किया गया। शिविर में शुगर एवं रक्तचाप (बीपी) की जांच के साथ-साथ निःशुल्क नेत्र परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिसका बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ उठाया।
पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत वृक्षारोपण किया गया। साथ ही यात्रियों एवं आगंतुकों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए फलदार वृक्षों के पौधों का वितरण भी किया गया।
यात्रियों की सहभागिता और आकर्षण बढ़ाने के लिए विमानपत्तन के एसएचए तथा आगमन क्षेत्र में विशेष सेल्फी प्वाइंट भी स्थापित किए गए।
यात्री सुविधा दिवस में यात्रियों, विद्यार्थियों, विमानपत्तन हितधारकों तथा कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता का सकारात्मक संदेश प्रसारित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित