रायपुर , जून 13 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित पोरवाल ऑयल फैक्ट्री में शनिवार सुबह भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गयी। घटना के बाद फैक्ट्री में कुछ कर्मचारियों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अब तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस एवं प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार आग लगने के बाद फैक्ट्री परिसर और आसपास के क्षेत्र में धुएं का घना गुबार फैल गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। एहतियात के तौर पर पुलिस बल भी घटनास्थल पर तैनात किया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में टायरों को जलाकर डामर तैयार किया जाता है। शनिवार सुबह काम के दौरान अचानक आग भड़क उठी। आग लगने के कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। शुरुआती जांच में नमूने एकत्रित करने के दौरान वाल्व बंद नहीं होने के कारण गर्म पदार्थ के बाहर निकलकर ऑक्सीजन के संपर्क में आने से आग लगने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पाने के प्रयास लगातार जारी हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। आग पूरी तरह बुझने के बाद हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कराई जाएगी तथा संपत्ति को हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व रायपुर के व्यस्त एमजी रोड स्थित मौदहापारा थाना के सामने जया ऑटोमोबाइल्स के भवन में भी आग लग गयी थी। उस घटना में आग भवन की दूसरी और तीसरी मंजिल तक फैल गयी थी तथा दमकल कर्मियों को करीब 11 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण मिला था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित