रायपुर , मई 13 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के शंकर नगर स्थित लक्ष्य ज्वेलरी शोरूम में हुई करीब 90 लाख रुपए की चोरी के मामले ने पुलिस ने एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया है, वहीं मुख्य आरोपी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।

पुलिस के अनुसार गत शनिवार देर रात दो नकाबपोश बदमाश बाइक से ज्वेलरी शोरूम पहुंचे और कटर की मदद से ताला काटकर भीतर घुसे। दोनों आरोपियों ने लगभग 20 से 30 मिनट तक दुकान के अंदर रहकर केवल सोने के जेवरों को निशाना बनाया और चांदी एवं आर्टिफिशियल ज्वेलरी को छोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना का खुलासा सोमवार सुबह दुकान खुलने पर हुआ, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। करीब 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।

जांच के दौरान डॉग स्क्वॉड की मदद से सुराग गांधी नगर-काली नगर क्षेत्र तक पहुंचा, जिसके बाद पुलिस ने दबिश देकर एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से लगभग 10 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवर भी बरामद किए गए हैं।

इसी बीच मुख्य आरोपी के घर से उसका शव आज सुबह फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस का अनुमान है कि साथी की गिरफ्तारी के बाद वह दबाव और डर में आ गया था। हालांकि, परिजनों ने उसकी भूमिका पर सवाल उठाए हैं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी पहले से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं और वारदात से पहले उन्होंने शोरूम की रेकी की थी। घटना के बाद दोनों ने गरियाबंद जिले में जाकर पार्टी भी की थी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और फरार एवं जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित