रायगढ़ , मार्च 03 -- ) छत्तीसगढ़ में रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ थाना क्षेत्र में अवैध कोयला को लेकर जा रहा ट्रैक्टर बीच रास्ते डीजल खत्म हो जाने के कारण खड़ा हो गया और इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को कोयला के साथ जब्त कर लिया।
यह कार्रवाई धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बोरो गांव के पास की गई। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व इसी क्षेत्र के बोरो और संगरा गांव में अवैध कोयला उत्खनन जोरों पर चल रहा था। शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए कोयला सहित एक चेन माउंटेन मशीन भी जब्त की थी।
सूत्रों के अनुसार बोरो और संगरा क्षेत्र के जंगलों में अभी भी कई टन अवैध कोयला पड़ा हुआ है। बताया जा रहा है कि पकड़ा गया सोनालिका ट्रैक्टर पूर्व में भी तस्करी में संलिप्त लोगों से जुड़ा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अवैध उत्खनन व तस्करी में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित