रायगढ़ , अप्रैल 04 -- छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा रायगढ़ के सृजन सभाकक्षा में शनिवार को आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में बारहवीं कक्षा की हिंदी विषय की पुनः परीक्षा को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए। अधिकारियों ने बताया कि 23 मार्च को आयोजित हिंदी परीक्षा में त्रुटियों के कारण उसे निरस्त कर दिया गया था, जिससे छात्रों में भ्रम और शंका की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।
बैठक में नोडल अधिकारी ने जानकारी दी कि अब यह परीक्षा 10 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। जिले में कुल 109 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें से 100 केंद्र कक्षा 12वीं तथा नौ केंद्र हाई स्कूल के लिए चिन्हित हैं। बैठक का मुख्य उद्देश्य कक्षा 12वीं के 100 परीक्षा केंद्रों के अध्यक्षों को परीक्षा संचालन से जुड़े सभी आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराना था।
अधिकारियों ने परीक्षा के दौरान सुरक्षा, समय पालन, परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन एवं प्रबंधन, तथा किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से निपटने की प्रक्रिया पर विशेष जोर दिया। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि परीक्षा से संबंधित सभी नियमों का कड़ाई से पालन अनिवार्य होगा।
नोडल अधिकारी ने बताया कि परीक्षा निरस्त होने के कारण सभी विद्यार्थियों को पुनः परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य है। इसके लिए मंडल द्वारा नए प्रवेश पत्र जारी किए गए हैं, जिन्हें संबंधित स्कूलों के माध्यम से वितरित किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा में किसी प्रकार की गड़बड़ी या प्रश्नपत्र लीक जैसी आशंकाओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त किया गया है। परीक्षा का निष्पक्ष और त्रुटिरहित संचालन सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक के माध्यम से जिले के सभी परीक्षा केंद्रों को पूरी तरह तैयार कर लिया गया है और 10 अप्रैल को होने वाली परीक्षा के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित