रायगढ़ , मार्च 30 -- छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रायगढ़ स्थित स्वर्गीय लखीराम अग्रवाल स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध संत बाबा गुरु घासीदास जी स्मृति शासकीय चिकित्सालय में स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के लिए 20 बिस्तरों वाले नए वार्ड का शुभारंभ किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में तथा स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल एवं वित्त मंत्री व स्थानीय विधायक ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में यह पहल की गई है।
चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त वार्ड की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी के मद्देनजर 20 बिस्तरों वाले नए वार्ड की व्यवस्था की गई है, जिससे विशेष रूप से भर्ती गर्भवती महिलाओं को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में पहले 60 बिस्तरों की व्यवस्था थी, लेकिन कई बार मरीजों की संख्या 90 से 100 तक पहुंच जाती थी, जिससे व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही थीं। नया वार्ड शुरू होने से इस समस्या में काफी हद तक राहत मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित