रायगढ़ , मई 08 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में शुक्रवार को एक प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जहां एक ही मंडप में 45 जोड़ों ने सात फेरे लेकर अपने वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित इस सामूहिक विवाह समारोह में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न हुए। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी विशेष रूप से शामिल हुए और नवदंपत्तियों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रायगढ़ के पटेलपाली कृषि उपज मंडी प्रांगण में आयोजित इस सामूहिक विवाह समारोह का वातावरण पूरी तरह पारंपरिक और उत्सवमय रहा। वैदिक मंत्रोच्चार, शहनाई की मधुर धुन और सजे-धजे मंडप में 45 जोड़ों ने एक साथ सात फेरे लिए। गायत्री परिवार के आचार्यों द्वारा विधि-विधान और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न कराया गया।
दूल्हा-दुल्हन पारंपरिक परिधानों में बेहद आकर्षक नजर आए, वहीं परिजनों और स्थानीय लोगों की बड़ी संख्या में मौजूदगी ने आयोजन को और भव्य बना दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित