रायगढ़ , जून 29 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जंगली हाथियों के उत्पात से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। कापू वन परिक्षेत्र के अलोला और टेड़ासेमर गांव में दो हाथियों ने छह कच्चे मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, जबकि एक दिन पहले हाथियों ने एक बाइक सवार को दौड़ाकर घायल कर दिया।
वन विभाग के अनुसार कापू वन परिक्षेत्र में इन दिनों करीब 19 हाथियों का दल अलग-अलग जंगलों में विचरण कर रहा है। इनमें से दो हाथी पिछले लगभग एक सप्ताह से अलोला गांव के आसपास डेरा डाले हुए हैं और रात के समय भोजन की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच रहे हैं।
शनिवार रात दोनों हाथी अलोला गांव पहुंचे और रामकुमार, लक्षण सिंह, सत्य सिंह तथा तिलक सिंह के कच्चे मकानों को क्षतिग्रस्त कर दिया। ग्रामीणों ने किसी तरह घरों से निकलकर अपनी जान बचाई और शोर मचाकर हाथियों को खदेड़ने का प्रयास किया। इसके बाद हाथी टेड़ासेमर गांव पहुंच गए, जहां दसरिन कोरवा का कच्चा मकान तथा कार्तिक कोरवा की झोपड़ी भी तोड़ दी। ग्रामीणों के लगातार शोर मचाने के बाद हाथी देर रात जंगल की ओर लौट गए।
इससे पहले शुक्रवार शाम अलोला बीट क्षेत्र में कापू से किलकिला जा रहे बाइक सवार राजेंद्र सर्पराज (35) और सुखराम डोगीदरहा का सड़क किनारे खड़े हाथियों से सामना हो गया। हाथियों ने दोनों का पीछा किया। सुखराम किसी तरह बच निकला, जबकि राजेंद्र सर्पराज को हाथी ने दौड़ाकर घायल कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित